नई दिल्ली: केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि भारत को 2029 तक पूरी तरह से नशामुक्त कर दिया जाएगा। नई दिल्ली में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक 'विकसित भारत' के लक्ष्य को हासिल करने के लिए नशामुक्त भारत का यह रोडमैप अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, "हम न एक ग्राम ड्रग्स देश में आने देंगे और न ही यहां से बाहर जाने देंगे।"
एएनटीएफ बनेगी 'एंटी नारको मिशन कमांड'
गृह मंत्री ने जांच एजेंसियों और पुलिस अधिकारियों को कार्यसंस्कृति बदलने का कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अब 'मीटिंग से मिशन', 'रिपोर्टिंग से रिजल्ट', 'ड्रग्स जब्ती से नेटवर्क खात्मे' और 'केस से सजा' (Conviction) तक जाने का समय आ गया है। एएनटीएफ को अब केवल एक टास्क फोर्स तक सीमित न रहकर 'एंटी नारको मिशन कमांड' के रूप में काम करना होगा।
नशे के नेटवर्क पर 'थ्री-लेयर' प्रहार
ड्रग्स सिंडिकेट की कमर तोड़ने के लिए त्रिस्तरीय रणनीति अपनाई जाएगी:
एंट्री पॉइंट: वे स्थान जहां से ड्रग्स देश में प्रवेश करती है।
वितरण प्रणाली: राज्यों के बीच अंतरराज्यीय ड्रग्स ट्रांसपोर्टेशन।
लोकल नेटवर्क: जिलों में फैले छोटे तस्करों और पेडलर्स के सेल।
इसके साथ ही, देश के सभी जिलों को तीन क्लस्टरों में बांटा जाएगा— उत्पादन व प्रवेश वाले जिले, ट्रांसपोर्टेशन कॉरिडोर वाले जिले और ज्यादा खपत (उपभोग) वाले जिले। इससे हर जिले की प्रकृति के अनुसार कार्रवाई की जा सकेगी।
विदेशी तस्कर होंगे ब्लैकलिस्ट, भगोड़े आएंगे भारत
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और राज्य पुलिस को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि देश में मौजूद विदेशी ड्रग आरोपियों को तुरंत डिपोर्ट कर ब्लैकलिस्ट किया जाए, ताकि वे दोबारा भारत न आ सकें। वहीं, विदेशों में बैठकर देश में ड्रग्स सप्लाई करने वाले भगोड़ों को पकड़कर भारतीय अदालतों के कटघरे में खड़ा करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा, तस्करों की संपत्तियों पर प्रहार करने के लिए वित्तीय जांच पर भी जोर दिया गया।
1 लाख 'नशामुक्त मित्र' जगाएंगे अलख
'विज़न डॉक्यूमेंट 2026-2029' को गीता के समान बताते हुए अमित शाह ने कहा कि इसमें 35 विभागों की मेहनत शामिल है। इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने के लिए 1 लाख 'नशामुक्त मित्र' बनाने का लक्ष्य है, जिनमें से 46,780 पंजीकृत हो चुके हैं। ये मित्र देश के 10 लाख स्कूलों, कॉलेजों और संस्थानों में जाकर युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री ने मादक पदार्थों के खिलाफ जागरूकता के लिए एक टीवी कमर्शियल और NCB की नई वेबसाइट लॉन्च की। इसके साथ ही लखनऊ व देहरादून में NCB के नए जोनल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला भी रखी गई।