राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का हर युवा शिक्षा, कौशल और अवसरों से पूर्ण रूप से सक्षम बने : भारत भूषण भारती
युवाओं को प्रकृति, संस्कृति और जिम्मेदारी से जोड़ने की हरियाणा सरकार की विशेष दो दिवसीय योजना : नरेंद्र सिंह
पंचकूला, 25 नवंबर। महर्षि वाल्मीकि संस्कृति विश्वविद्यालय, कैथल के विद्यार्थियों ने मंगलवार को पंचकूला स्थित नेचर कैंप थापली का दौरा किया, जहाँ उन्हें हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित यह दो दिवसीय विशेष भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रकृति, संस्कृति और राज्य की विरासत के साथ प्रत्यक्ष संवाद का अवसर प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरणीय संवेदनशीलता, सांस्कृतिक चेतना, नेतृत्व गुणों और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना है।
मुख्यमंत्री हरियाणा के ओएसडी भारत भूषण भारती ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए बताया की राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को हरियाणा के धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों से जोड़ना है, ताकि वे अपने प्रदेश की समृद्ध विरासत को स्वयं देख-समझ सकें। उन्होंने बताया कि युवाओं को पर्यटन गतिविधियों में शामिल करने से न केवल उनका दृष्टिकोण व्यापक होता है, बल्कि उनमें संस्कृति, इतिहास और परंपराओं के प्रति गहरी समझ भी विकसित होती है।