पंचकूला/चंडीगढ़, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने बुधवार को पंचकूला में आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर पार्टी नेताओं के साथ अहम बैठक की। लक्की ने दावा किया कि पंचकूला की जनता अब बदलाव चाहती है और केवल कांग्रेस ही शहर को बेहतर नेतृत्व प्रदान कर सकती है।
चुनाव रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित इस बैठक में हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री व विधायक चंद्रमोहन, मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज और पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
सुधा भारद्वाज को बताया सबसे योग्य उम्मीदवार
जनता से सीधा संवाद करते हुए एच.एस. लक्की ने कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज को भारी मतों से जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुधा भारद्वाज एक शिक्षित, अनुभवी और ईमानदार नेता हैं। महिला अध्यक्ष के रूप में उनकी पिछली उपलब्धियां और शहर के प्रति उनका सकारात्मक दृष्टिकोण उन्हें इस पद के लिए सबसे उपयुक्त बनाता है।
भाजपा के कार्यकाल में ठप हुआ विकास
भाजपा पर निशाना साधते हुए लक्की ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पंचकूला नगर निगम हर मोर्चे पर विफल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में मूलभूत सुविधाएं चरमरा गई हैं और विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं। लक्की ने कहा, "भाजपा के कुशासन से मुक्ति पाने के लिए अब समय आ गया है कि जनता एक जवाबदेह और सशक्त नेतृत्व को चुने।"
कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का आह्वान
उन्होंने चंडीगढ़ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे पंचकूला में अपने संपर्कों का इस्तेमाल करें और मेयर प्रत्याशी के साथ-साथ सभी 20 वार्डों के पार्षद उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दें। बैठक में रणनीति बनाई गई कि घर-घर जाकर भाजपा की विफलताओं और कांग्रेस के विजन को जनता के सामने रखा जाएगा।