चंडीगढ़, हरियाणा में जनगणना और हाउस लिस्टिंग ऑपरेशंस का शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। राज्य के कुल 52,000 हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों में प्रशिक्षित प्रगणक (Enumerators) घर-घर जाकर डेटा जुटाने के काम में जुट गए हैं। यह देश की पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना है, जिसमें सारा डेटा मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से संकलित किया जा रहा है।
मोबाइल ऐप से होगा डेटा संकलन
इस बार की जनगणना की सबसे बड़ी विशेषता इसका डिजिटल होना है। हाउस लिस्टिंग और डेटा संकलन के लिए मोबाइल ऐप का प्रयोग किया जा रहा है। जिन नागरिकों ने पहले ही 'सेल्फ-एन्यूमरेशन' (स्व-गणना) कर ली है, उन्हें केवल अपनी आईडी प्रगणक को बतानी होगी।
अभियान के पहले चरण में प्रगणकों द्वारा मकानों पर क्रमवार नंबर अंकित किए जा रहे हैं। प्रत्येक ब्लॉक में मकानों को सीरियल नंबर से चिन्हित किया जा रहा है। सेक्टर आधारित क्षेत्रों में सेक्टर और मकान नंबर को ही पहचान के लिए उपयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रत्येक गली, मोहल्ले और बस्ती का नजरी नक्शा भी तैयार किया जा रहा है ताकि कोई भी परिवार इस प्रक्रिया से छूट न जाए।
नागरिकों से सहयोग की अपील, हेल्पलाइन जारी
हरियाणा के जनगणना निदेशक डॉ. ललित जैन ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रहित के कार्य में प्रगणकों और सुपरवाइजर्स को पूरा सहयोग दें। उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा के लिहाज से प्रगणक का पहचान पत्र जरूर चेक करें, जिस पर स्कैन कोड उपलब्ध है।
अहम जानकारियां:
हेल्पलाइन नंबर: किसी भी सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1885 जारी किया गया है। यह सुबह 9 से शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेगा।
सटीक जानकारी: नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे प्रगणकों को सही और सटीक जानकारी प्रदान करें।
प्रशिक्षण: पिछले एक महीने में प्रगणकों और सुपरवाइजर्स को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है ताकि तकनीकी चुनौतियों से निपटा जा सके।
डॉ. जैन ने अभियान में लगे तहसीलदारों, सचिवों और जोनल टैक्सेशन अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रगणकों को मौसम के प्रभाव से बचने के लिए पानी और टोपी साथ रखने की भी सलाह दी।