अम्बाला, ( प्रोसन बर्मन) उत्तर रेलवे के अम्बाला मंडल ने पहली बार अम्बाला छावनी माल गोदाम से जम्मू-कश्मीर के पंपोर के लिए निजी पार्टी के खाद्यान्न (चावल) का एक वैगन रवाना किया है। रेलवे के अनुसार यह पहल स्थानीय व्यापारियों को किफायती माल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने और घाटी तक खाद्यान्न की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अम्बाला मंडल लघु उद्योगों और छोटे व्यापारियों के उत्पादों को कम परिवहन लागत पर जम्मू-कश्मीर तक पहुंचाने के लिए माल परिवहन सेवाओं का विस्तार कर रहा है। इसी क्रम में अप्रैल से जून के दौरान अम्बाला छावनी माल गोदाम से अनंतनाग के लिए जैविक खाद के सात वैगन तथा निजी पार्टी के चावल का एक वैगन भेजा जा चुका है। रेलवे का कहना है कि इस पहल को व्यापारिक समुदाय से सकारात्मक प्रतिसाद मिला है।
रेलवे की आय बढ़ाने के साथ पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को मिलेगा बढ़ावा
अम्बाला मंडल के अनुसार पंपोर के लिए भेजे गए इस चावल के वैगन से रेलवे को करीब 64 हजार रुपये की आय होगी। मंडल का मानना है कि रेल मार्ग से माल ढुलाई सड़क परिवहन की तुलना में अधिक किफायती और पर्यावरण-अनुकूल है। मंडल ने कहा कि वह उद्योग और व्यापार जगत की जरूरतों के अनुरूप बेहतर माल परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने, नए माल यातायात स्रोत विकसित करने तथा ग्राहकों को सुरक्षित, विश्वसनीय और समयबद्ध सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।