चंडीगढ़/अंबाला, (प्रोसन बर्मन) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के चंडीगढ़ कार्यालय ने अंबाला जिले के दुराना गांव में डिजिटल भुगतान और सुरक्षित बैंकिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘ई-बात’ (इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग अवेयरनेस एंड ट्रेनिंग) कार्यक्रम आयोजित किया। 28 जुलाई को आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 80 लोगों ने भाग लिया।आरबीआई के बैंकिंग विभाग के अरुण जिंदल और मनीष कुमार ने प्रतिभागियों को यूपीआई, आईएमपीएस, एनईएफटी, आरटीजीएस और आधार आधारित भुगतान प्रणाली (एईपीएस) सहित विभिन्न डिजिटल भुगतान माध्यमों की जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहने पर जोर देते हुए ‘थोड़ा ध्यान से!’ संदेश को अपनाने की अपील की।
उपभोक्ता शिक्षा एवं संरक्षण प्रकोष्ठ (सीईपीसी) की कमलवीर कौर ढींडसा ने प्रतिभागियों को साइबर धोखाधड़ी, मनी म्यूल और डिजिटल अरेस्ट जैसे नए ऑनलाइन ठगी के तरीकों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने साइबर अपराध हेल्पलाइन, बैंकिंग लोकपाल योजना और शिकायत प्रबंधन प्रणाली (सीएमएस) पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी।
रिटेल डायरेक्ट योजना और डीआईसीजीसी की भी दी जानकारी
कार्यक्रम में आरबीआई की रिटेल डायरेक्ट योजना के तहत निवेश के अवसरों तथा निक्षेप बीमा एवं प्रत्यय गारंटी निगम (डीआईसीजीसी) द्वारा बैंक जमा पर उपलब्ध बीमा सुरक्षा के बारे में भी जानकारी दी गई। अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया गया। क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को वित्तीय साक्षरता से संबंधित सामग्री देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की प्रतिभागियों ने सराहना की।