रायपुर रानी, भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के हरियाणा शाखा कार्यालय ने रायपुर रानी में आयोजित 'शाइन' (स्टैंडर्ड्स हेल्प इंफॉर्म एंड नर्चर एम्पावर्ड वूमेन) कार्यक्रम के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाओं को उपभोक्ता अधिकारों, गुणवत्ता मानकों और हॉलमार्किंग के प्रति जागरूक किया। तहसील कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में रायपुर रानी महिला ब्लॉक संगठन के सहयोग से 27 महिलाओं ने भाग लिया।
बीआईएस की मानक संवर्धन अधिकारी आरती चौधरी ने प्रतिभागियों को आईएसआई मार्क, हॉलमार्किंग, अनिवार्य पंजीकरण योजना (सीआरएस) और भारतीय मानकों के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से खरीदारी से पहले आईएसआई मार्क वाले उत्पादों की प्रामाणिकता जांचने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान बीआईएस केयर ऐप का प्रदर्शन कर प्रमाणित उत्पादों और स्वर्ण आभूषणों की हॉलमार्किंग ऑनलाइन जांचने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
हॉलमार्किंग शुल्क की दी जानकारी
संवादात्मक सत्र में महिलाओं को बताया गया कि सरकार द्वारा निर्धारित हॉलमार्किंग शुल्क स्वर्ण आभूषण पर 45 रुपये तथा चांदी के आभूषण पर 35 रुपये प्रति आभूषण (दोनों पर 18 प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त) है और यह आभूषण के वजन पर निर्भर नहीं करता। साथ ही, पहले से हॉलमार्क किए गए आभूषणों की शुद्धता बीआईएस मान्यता प्राप्त असेइंग एवं हॉलमार्किंग केंद्रों पर 200 रुपये प्रति आभूषण के शुल्क पर जांची जा सकती है।
41 कार्यक्रमों से 1,080 महिलाओं तक पहुंच
बीआईएस के अनुसार हरियाणा में अब तक शाइन अभियान के तहत 41 कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इनके माध्यम से लगभग 1,080 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को गुणवत्ता प्रमाणन, हॉलमार्किंग और उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक उपभोक्ता बनाने के साथ-साथ उन्हें अपने समुदाय में भी गुणवत्ता मानकों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित करना है।