ISKCON के मुख्यालय श्रीधाम मायापुर में 10वें ‘ऑल इंडिया ट्राइबल कन्वेंशन’ का आयोजन होने जा रहा है। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के 10 राज्यों से लगभग 2,500 जनजातीय प्रतिनिधि शामिल होंगे। इन राज्यों में पश्चिम बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, असम, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, त्रिपुरा, तेलंगाना और मिजोरम शामिल हैं। सम्मेलन में संथाल, उरांव, मुंडा, भूमिज, कोरा, लोधा, भूटिया, लेपचा, टोटो समेत कई जनजातीय और वंचित समुदायों के लोग भाग लेंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में जनजातीय समुदाय अपनी पारंपरिक संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और जीवन शैली को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए मंच पर प्रदर्शित करेंगे।